बड़हलगंज, गोरखपुर (द जीकेपी टाइम्स): क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़हलगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बड़हलगंज के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रविभूषण राय की टीम ने कार्रवाई करते हुए तौफिक उर्फ कोलाधर (पुत्र हजरत) और गुलशन (पुत्र समतुल) निवासी समय स्थान पड़ौली, थाना बड़हलगंज को गिरफ्तार किया।
दंगल देखने गया था बाइक मालिक का नाती
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त की रात करीब 2 बजे वादिनी का नाती अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर दंगल देखने गया था। जब वह वापस लौटा तो बाइक गायब थी। पीड़ित की तहरीर पर बड़हलगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ धर दबोचा।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
मामले में दर्ज मु0अ0सं0 379/26 (धारा 303(2) बीएनएस) के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपी तौफिक उर्फ कोलाधर का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में बड़हलगंज थाने में धारा 232, 504 और 506 भादंवि के तहत मुकदमा दर्ज है, जबकि आरोपी गुलशन पर वर्तमान मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक रविभूषण राय, कांस्टेबल विवेक गौड़ और कांस्टेबल आशीष यादव (थाना बड़हलगंज) शामिल रहे। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




