बाइक से जाते समय चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इसृृ हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र के इलाहीबाग में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवक की गर्दन कट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सूर्यकुंड निवासी 35 वर्षीय रमेश कन्नौजिया के रूप में हुई है।
हादसा कैसे हुआ: रमेश एक कॉस्मेटिक की दुकान पर काम करते थे। दोपहर करीब 1 बजे वह अपनी मोपेड से दुकान जा रहे थे। रास्ते में हावर्ट बंधे पर उनकी गर्दन अचानक चाइनीज मांझे में फंस गई, जिससे उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और अत्यधिक खून बहने लगा।
अस्पताल में मृत घोषित: राहगीरों की मदद से पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल: रमेश की शादी 10 साल पहले हुई थी। उनके परिवार में पत्नी पुन्ना, 9 साल की बेटी और 5 साल का बेटा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव से लिपटकर दहाड़ें मारकर रोने लगे।
पुलिस कार्रवाई: सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
- द जीकेपी टाइम्स






