हरीश यादव का तहसीलदार पद पर आजमगढ़ के निजामाबाद में हुआ स्थानांतरण, बलिकरण यादव हुए सेवानिवृत्त
गोरखपुर खजनी तहसील में शुक्रवार को आयोजित विदाई समारोह में नायब तहसीलदार हरीश यादव एवं राजस्व निरीक्षक बलिकरण यादव को अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। हरीश यादव का पदोन्नति के बाद आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद तहसील में तहसीलदार पद पर स्थानांतरण हुआ है, जबकि राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत रहे बलिकरण यादव सेवानिवृत्त हुए हैं। दोनों अधिकारियों के सम्मान में तहसील परिसर में आयोजित समारोह में सहकर्मियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह में उप जिलाधिकारी कुणाल रस्तोगी, तहसीलदार ध्रुवेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, राजस्व निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह, लेखपाल संघ तहसील अध्यक्ष हर्षित सिंह सहित समस्त हल्का लेखपाल, राजस्वकर्मी एवं तहसील के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नायब तहसीलदार हरीश यादव को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा पदोन्नति के बाद नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वहीं, सेवानिवृत्त हुए राजस्व निरीक्षक बलिकरण यादव को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। उप जिलाधिकारी कुणाल रस्तोगी ने उन्हें श्रीमद् भागवत गीता भेंट कर सम्मानित किया। तहसीलदार ध्रुवेश कुमार सिंह ने छतरी तथा राजस्व निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने अंगवस्त्र भेंट कर उनके प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि हरीश यादव और बलिकरण यादव ने अपने कार्यकाल के दौरान राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण, प्रशासनिक कार्यों तथा जनहित से जुड़े दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। उनके सरल व्यवहार, कार्यकुशलता एवं सहकर्मियों के साथ बेहतर समन्वय की सभी ने सराहना की।
नायब तहसीलदार हरीश यादव ने विदाई के अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खजनी तहसील में बिताया गया कार्यकाल उनके जीवन की यादगार अवधि में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रीय लोगों का जो सहयोग, स्नेह और सम्मान मिला, उसे वह सदैव याद रखेंगे। उन्होंने सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए नई तैनाती में भी पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।
वहीं सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक बलिकरण यादव ने भी अपने लंबे सेवाकाल में मिले सहयोग एवं सम्मान के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा के दौरान सहकर्मियों एवं अधिकारियों से मिले सहयोग को वह हमेशा अपने साथ संजोकर रखेंगे।
विदाई समारोह के दौरान माहौल भावुक हो गया। सहकर्मियों ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा में स्थानांतरण और सेवानिवृत्ति भले ही एक पड़ाव है, लेकिन अच्छे कार्य और मधुर व्यवहार की स्मृतियां हमेशा साथ रहती हैं। अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हरीश यादव के नए पद पर सफलता तथा बलिकरण यादव के स्वस्थ, सुखमय एवं शांतिपूर्ण जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।



